कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आखिरी दिन आज, जूडो और साइकिलिंग में भारत की नजरें पदकों पर, जानें पूरा शेड्यूल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 1 अगस्त का दिन भारत के लिए बेहद शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही दिन में 16 पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इनमें बॉक्सिंग में सबसे शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां भारत ने 7 स्वर्ण समेत कुल 10 पदक अपने नाम किए। इसी दमदार प्रदर्शन के साथ भारत 39 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया।
अब सभी की निगाहें 2 अगस्त को होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के आखिरी दिन पर टिकी हैं। अंतिम दिन भारतीय खिलाड़ी जूडो, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा साइकिलिंग में चुनौती पेश करेंगे। भारतीय दल को उम्मीद है कि आखिरी दिन भी पदकों की संख्या में इजाफा होगा। सबसे अधिक नजरें ओलंपियन अवतार सिंह पर रहेंगी, जो पुरुषों की 100 किग्रा जूडो स्पर्धा के राउंड ऑफ-16 में साइप्रस के एरिस्टोस माइकल का सामना करेंगे। जीत दर्ज करने पर वह अगले दौर में पहुंचेंगे, जबकि सेमीफाइनल मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेले जाएंगे। वहीं महिला 78 किग्रा वर्ग में इशरूप नारंग भी स्कॉटलैंड की निकोल वुड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
ट्रैक साइकिलिंग में पुरुषों की 40 किलोमीटर प्वाइंट्स रेस के शुरुआती दौर में दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों उतरेंगे। इसके अलावा रोनाल्डो सिंह लैतोंजम पुरुषों की 1000 मीटर टाइम ट्रायल स्पर्धा में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। पैरा साइकिलिंग में लिशा दास भी महिलाओं की C4-C5 1000 मीटर टाइम ट्रायल स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: 2 अगस्त को भारत का पूरा शेड्यूल (भारतीय समयानुसार)
- दोपहर 2:09 बजे: ट्रैक साइकिलिंग, पुरुष 40 किमी प्वाइंट्स रेस (पहला राउंड) – दिनेश कुमार, हर्षवीर सिंह सेखों
- दोपहर 2:30 बजे: जूडो, महिला 78 किग्रा राउंड ऑफ-16 – इशरूप नारंग बनाम निकोल वुड (स्कॉटलैंड)
- दोपहर 2:40 बजे: जूडो, पुरुष 100 किग्रा राउंड ऑफ-16 – अवतार सिंह बनाम एरिस्टोस माइकल (साइप्रस)
- दोपहर 3:00 बजे: जूडो, पुरुष 100+ किग्रा राउंड ऑफ-16 – यश घंघास
- दोपहर 3:51 बजे: ट्रैक साइकिलिंग, पुरुष 1000 मीटर टाइम ट्रायल (मेडल इवेंट) – रोनाल्डो सिंह लैतोंजम
- शाम 7:30 बजे से: जूडो सेमीफाइनल (यदि भारतीय खिलाड़ी क्वालिफाई करते हैं)
- रात 8:40 बजे: पैरा साइकिलिंग, महिला C4-C5 1000 मीटर टाइम ट्रायल (मेडल इवेंट) – लिशा दास
- रात 9:09 बजे: ट्रैक साइकिलिंग, पुरुष 40 किमी प्वाइंट्स रेस (मेडल इवेंट, क्वालिफिकेशन पर निर्भर)



