सुबोध उनियाल का दो टूक जवाब- इस्तीफा देना मंजूर, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा; दलेर मेहंदी विवाद पर फिर गरमाई सियासत

देहरादून: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के बीच शुरू हुआ विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। इस मामले को लेकर मंत्री सुबोध उनियाल ने ऐसा बयान दिया है, जिसने विवाद को फिर हवा दे दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर उन्हें माफी मांगने के लिए कहा गया तो वह पद छोड़ना पसंद करेंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में यह बात कही। उनका बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे दलेर मेहंदी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।
क्या बोले मंत्री सुबोध उनियाल?
कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए सुबोध उनियाल ने कहा कि उनसे किसी ने सवाल किया था कि अगर पार्टी हाईकमान माफी मांगने के लिए कहेगा तो वह क्या करेंगे? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना बेहतर समझेंगे। मंत्री ने अपने बयान में आत्मसम्मान को सबसे अहम बताते हुए कहा कि इंसान के जीवन में स्वाभिमान से बढ़कर कुछ नहीं होता। उनके इस रुख के बाद एक बार फिर राजनीतिक और सोशल मीडिया गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
आखिर दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल के बीच क्या हुआ था?
दरअसल, विवाद की शुरुआत उत्तराखंड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इस कार्यक्रम में मशहूर गायक दलेर मेहंदी मंच पर अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक के प्रदर्शन को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। कई फिल्मी हस्तियों और कलाकारों ने मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाए। वहीं, दलेर मेहंदी के समर्थन में भी कई आवाजें सामने आईं। बताया गया कि स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद गायक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंचे थे।
मीका सिंह ने भी उठाई थी माफी की मांग
इस पूरे विवाद में गायक मीका सिंह की एंट्री के बाद मामला और चर्चा में आ गया। मीका सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए अपने भाई दलेर मेहंदी का समर्थन किया और मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की थी। इसके बाद मंत्री के माफी मांगने को लेकर भी खबरें सामने आई थीं। हालांकि, अब सुबोध उनियाल के ताजा बयान ने इन चर्चाओं पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या फिर बढ़ेगा विवाद?
सुबोध उनियाल के इस बयान के बाद दलेर मेहंदी प्रकरण एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। मंत्री ने अपने रुख से साफ कर दिया है कि वह इस मामले में माफी मांगने के पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों और मनोरंजन जगत से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।



