डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ पॉलिसी के साइड इफेक्ट्स दिखने शुरू, शेयर बाजार में कोविड के बाद भारी गिरावट

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ पॉलिसी के साइड इफेक्ट्स दिखने शुरू हो गए हैं। सोमवार को शेयर बाजार के सभी इंडेक्स करीब 5 प्रतिशत की भयानक गिरावट के साथ खुले। आज बीएसई सेंसेक्स 3914.75 अंकों की गिरावट के साथ 71,449.94 अंकों पर खुला। वहीं दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी आज 1146 अंकों की गिरावट के साथ 21,758.40 अंकों पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स की 30 में से 29 कंपनियों के शेयर और निफ्टी 50 की 50 में से सभी 50 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले।
एनएसई के डेटा के मुताबिक, सोमवार को सुबह 10.03 बजे कुल 2678 कंपनियों के शेयरों में ट्रेड चल रहा था, जिनमें से 2543 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे और 37 कंपनियों के शेयरों में कोई बदलाव नहीं था। हालांकि, इस महाविनाश में 98 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
बताते चलें कि आज कई प्रमुख कंपनियों के शेयर 10-10 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले। ट्रंप के फैसले के बाद से अमेरिकी शेयर बाजार में लगातार विनाशकारी गिरावट देखने को मिल रही है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार में भी साफतौर पर देखा जा सकता है। कोविड के बाद भारतीय शेयर बाजार में ये अभी तक की सबसे बड़ी गिरावट है।