सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी के नाम से आया वॉयस मैसेज

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. अभिनेता के मोबाइल फोन पर एक धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा गया है. इस मैसेज में उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है. धमकी कथित तौर पर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर के नाम से दी गई है.
मामले की जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने दी है या फिर कोई दूसरा व्यक्ति उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है. जांच में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए आवाज की नकल किए जाने की आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है.
वॉयस मैसेज में दी गई धमकी
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सैफ अली खान को उनके फोन पर एक वॉयस मैसेज मिला था. इसमें संदेश भेजने वाले ने खुद को जीशान अख्तर बताते हुए अभिनेता को बाबा सिद्दीकी जैसा अंजाम भुगतने की धमकी दी. पुलिस अब मैसेज के स्रोत और उसकी वास्तविकता की जांच कर रही है. फॉरेंसिक और साइबर टीम भी इस मामले से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.
कौन है जीशान अख्तर?
जीशान अख्तर का नाम अक्टूबर 2024 में मुंबई में हुई बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में सामने आया था. बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा ईस्ट में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में जीशान अख्तर वांछित आरोपियों में शामिल है.
पहले भी कई बॉलीवुड सितारों को मिल चुकी है धमकी
सैफ अली खान को मिली ताजा धमकी ऐसे समय आई है, जब बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं. अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी हाल ही में धमकियां मिली थीं. इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था. आरोप है कि उसने AI तकनीक का इस्तेमाल करके फिल्मी सितारों को धमकी भरे संदेश भेजे थे. पुलिस के मुताबिक, उसका किसी गैंग से संबंध सामने नहीं आया था.
जनवरी 2025 में घर में हुआ था सैफ पर हमला
सैफ अली खान इससे पहले जनवरी 2025 में भी हमले का शिकार हो चुके हैं. मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर में घुसे एक शख्स ने अभिनेता पर चाकू से हमला किया था. इस घटना में सैफ घायल हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के बाद वह अस्पताल से घर लौटे थे.
फिलहाल मुंबई पुलिस ताजा धमकी भरे वॉयस मैसेज की जांच कर रही है. पुलिस की प्राथमिकता यह पता लगाना है कि इसके पीछे वास्तव में कौन है और क्या इसके लिए किसी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.







