Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेशराजनीति

जनगणना केवल आबादी की गिनती नहीं, बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल पर जनगणना 2027 के तहत अपनी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। स्वगणना का प्रपत्र सफलतापूर्वक सबमिट करने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट और जनसंबोधन के माध्यम से प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि हर नागरिक की आवश्यकताओं, आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार है। उन्होंने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करने के कारण ही उन्हें कार्यक्रम में पहुंचने में 15 मिनट का विलंब हुआ।

16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, अभियान में जुटे हैं छह लाख कर्मचारी

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर के बीच स्वगणना पोर्टल पर प्रपत्र के अनुरूप अपना पूरा और विस्तृत ब्यौरा दर्ज करें। इसके उपरांत दिसंबर माह में जनगणना 2027 की टीमें घर घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पूरी ईमानदारी के साथ सही और सटीक जानकारी देनी चाहिए। इस महाअभियान में छह लाख कर्मचारी जुटे हुए हैं। जनगणना से प्राप्त युवा, महिला, व्यापारी, किसान और समाज के विभिन्न तबकों का सटीक डेटा उनके समग्र विकास की कार्ययोजना बनाने और नीतियों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायक होगा।

विकसित भारत और विकसित यूपी के निर्माण का संकल्प

मुख्यमंत्री ने स्वगणना को राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनगणना से मिले आंकड़े देश और प्रदेश के विकास को नई दिशा देते हैं और इनके आधार पर समाज के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों को समझकर कल्याणकारी योजनाएं तैयार की जाती हैं।

मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 का करें उपयोग

जनगणना के साथ ही मुख्यमंत्री ने 17 नवंबर से प्रारंभ हुए विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहले आम चुनाव से ही मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) की कार्रवाई होती रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची को ध्यान से देखें और नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, नाम हटाने या काटने के लिए फॉर्म 7 तथा नाम ट्रांसफर कराने के लिए फॉर्म 8 का उपयोग कर अपने राष्ट्रीय कर्तव्य का निर्वहन करें।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close