Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

व्हाइट हाउस में ट्रंप ने मनाई दिवाली, भारतीय कारोबारी ने भेंट की हनुमान चालीसा, कई दिग्गज रहे मौजूद

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में दिवाली का त्योहार मनाया. इस मौके पर उन्होंने ओवल ऑफिस में पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्ज्वलित किया. समारोह में भारत और अमेरिका के कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए. भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा से लेकर अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, भारतीय-अमेरिकी कारोबारियों और नामचीन हस्तियों तक ने इस आयोजन में हिस्सा लिया. कार्यक्रम का एक खास पल तब देखने को मिला, जब भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की.

ओवल ऑफिस में भारतीय-अमेरिकी हस्तियों का जमावड़ा

व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह में भारतवंशी समुदाय की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं. इनमें अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO संजय मेहरोत्रा, IBM के CEO अरविंद कृष्णा, FBI निदेशक काश पटेल और अमेरिकी राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक जय भट्टाचार्य शामिल थे. इसके अलावा सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल भी समारोह में पहुंचे. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी समेत कई अन्य अधिकारी भी इस आयोजन का हिस्सा बने.

ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा

दिवाली समारोह के दौरान भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की. गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने इस आयोजन को ओवल ऑफिस में रोशनी और सद्भाव का खास अवसर बताया. गोंडल के मुताबिक, दीप जलाते समय उनकी कामना थी कि भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती और मजबूत हो. उन्होंने दिवाली के संदेश को अंधकार पर प्रकाश की जीत से जोड़ते हुए सभी के लिए शांति, समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की शुभकामनाएं भी दीं. इस दौरान उन्होंने भारतीय परंपरा के आशीर्वाद ‘जुग जुग जियो’ का भी उल्लेख किया.

2003 में शुरू हुई थी व्हाइट हाउस में दिवाली की परंपरा

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की शुरुआत साल 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में हुई थी. शुरुआती वर्षों में दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित किया जाता था. इसमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रतिनिधियों और भारतीय राजनयिकों को आमंत्रित किया जाता था.

इसके बाद साल 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीप जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने. उन्होंने ईस्ट रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक दीया जलाया था. इसके बाद से व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह की परंपरा लगातार आगे बढ़ती रही. समय-समय पर ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम जैसे स्थानों पर भी दीपावली के कार्यक्रम आयोजित किए गए.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close