चंपावत को मिली 124 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, CM धामी बोले- ‘यह मेरी कर्मभूमि, इसे आदर्श जिला बनाना मेरा सपना’

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चंपावत में आयोजित मुख्य संवाद एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान 124 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि और परिवार है। उन्होंने दोहराया कि चंपावत को उत्तराखंड का आदर्श जिला बनाना उनका सपना और संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन और रोजगार जैसे क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज का दिन चंपावत के विकास इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है।
स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि जिला अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू होने से अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) का भी लोकार्पण किया गया है, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोडवेज परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर और जिम कॉर्बेट ट्रेल जैसी परियोजनाएं स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने बताया कि 62 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश यात्रा के कारण क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। होटल और होम-स्टे लगभग पूरी तरह बुक हैं तथा यात्रियों की संख्या 50 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है, जो जल्द ही एक लाख से अधिक होने की उम्मीद है।
खेल और शिक्षा के क्षेत्र में भी नई पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में 257 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। वहीं छमनिया में सिंथेटिक ट्रैक, बच्चों के लिए साइंस सेंटर, ड्राई पोर्ट और एडवेंचर पर्यटन जैसी परियोजनाएं युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करेंगी।
‘चंपावत बनेगा विकास का मॉडल’
धामी ने कहा कि टनकपुर में आईएसबीटी, गेस्ट हाउस, कम्युनिटी हॉल सहित कई विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने का उनका वादा केवल राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि व्यक्तिगत संकल्प है और जब तक जिले का हर गांव विकास की मुख्यधारा से नहीं जुड़ जाता, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे।
कानून-व्यवस्था और रोजगार पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भू-कानून जैसे कई अहम फैसले लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही अवैध कब्जों और विभिन्न अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल विकास कार्यों के बजाय केवल राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार वोट बैंक की राजनीति नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य के निर्माण की राजनीति करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता विकास के आधार पर फैसला करेगी।
इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
- अमोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र – 2.18 करोड़ रुपये
- नरियालगांव पशु प्रजनन केंद्र विकास कार्य – 6.59 करोड़ रुपये
- टनकपुर में सुभाष चंद्र बोस छात्रावास – 3.20 करोड़ रुपये
- पाटी तहसील आवासीय भवन – 3.29 करोड़ रुपये
- झालाकुड़ी लिफ्ट सिंचाई योजना – 1.64 करोड़ रुपये
- पड़ंगा लिफ्ट सिंचाई योजना – 1.38 करोड़ रुपये
- चंपावत जिला अस्पताल में एमआरआई एवं क्रिटिकल केयर यूनिट
- जिम कॉर्बेट ट्रेल – 3.49 करोड़ रुपये
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
- टनकपुर में मीडिया सेंटर एवं गेस्ट हाउस – 14.24 करोड़ रुपये
- रोडवेज परिसर में सिटी सेंटर – 62.33 करोड़ रुपये
- चल्थी-नौलापानी सड़क सुधार – 7.54 करोड़ रुपये
- चंपावत नगर पालिका विकास कार्य – 4.82 करोड़ रुपये
- खेतीखान-भागेश्वर मंदिर सड़क, तामली-कमैला-कांडा सड़क, तामली-कठाड़-सिमल्टा सड़क और रमैला-दमतौला सड़क सहित कई सड़क परियोजनाएं
- तामली स्थित भूमियादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।







