20 साल बाद बदला लालू-राबड़ी का ठिकाना, 10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला खाली, तेजस्वी के आवास पहुंच रहा सामान

पटना: बिहार की राजनीति का लंबे समय तक केंद्र रहा 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला अब खाली किया जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तथा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का करीब दो दशक पुराना यह सरकारी आवास अब इतिहास बन गया है। सोमवार को बंगले से सामान पिकअप वाहनों के जरिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास और निजी निवास पर शिफ्ट किया गया।
सरकार के नोटिस के बाद खाली हुआ बंगला
भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को राबड़ी देवी को सात दिनों के भीतर सरकारी आवास खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद परिवार ने बंगला खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। यह आवास अब बिहार सरकार में मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है।
सुरक्षा में कटौती के बाद बढ़ा था विवाद
कुछ दिन पहले बिहार सरकार ने राज्य सुरक्षा समिति की सिफारिश पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ श्रेणी तथा तेज प्रताप यादव की Y श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी। इसके विरोध में लालू परिवार ने सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई शेष सुरक्षा भी लौटाने का फैसला किया था। इस मुद्दे पर लालू प्रसाद यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनकी सुरक्षा हटाने के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका है।
2006 से था राबड़ी देवी का आधिकारिक आवास
10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला वर्ष 2006 में राबड़ी देवी को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहने के दौरान आवंटित किया गया था। बाद में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी उन्हें यही सरकारी आवास मिला। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी लंबे समय से इसी बंगले में रह रहे थे।
अब कहां रहेगा लालू परिवार?
भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष के नाते 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है। हालांकि, लालू प्रसाद यादव की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए परिवार ने कुछ अतिरिक्त सुविधाओं की मांग की है। फिलहाल परिवार का अधिकांश सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1, पोलो रोड स्थित सरकारी आवास और कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास पर पहुंचाया जा रहा है।






