Main Slideराष्ट्रीय

झारखंड में दर्दनाक सड़क हादसा: रामगढ़ में कोयला लदे ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 7 लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर उस समय हुआ, जब ताशा पार्टी के सदस्यों से भरी एक पिकअप गाड़ी को सामने से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार ताशा पार्टी के सदस्य गोला से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया।

सूचना मिलने पर रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों और मृतकों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से सात को मृत घोषित कर दिया गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।

एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि इसी मार्ग पर बुधवार शाम भी एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई थी। बारलोंग स्थित सम्राट होटल के पास रामगढ़ से बोकारो जा रही तेज रफ्तार ओम ट्रेवल्स की बस की सामने से आ रहे एक ऑटो से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। लगातार दूसरे दिन हुए इन हादसों ने रामगढ़-बोकारो मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close