PM Modi ने नौसेना को दी बड़ी ताकत, INS अग्रय, INS संशोधक और INS दूनागिरी हुए भारतीय बेड़े में शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोलकाता में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान भारतीय नौसेना के लिए तैयार किए गए तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म—INS अग्रय, INS संशोधक और INS दूनागिरी—को औपचारिक रूप से कमीशन किया। इसके साथ ही ये तीनों जहाज भारतीय नौसेना के ऑपरेशनल बेड़े का हिस्सा बन गए हैं, जिससे देश की समुद्री सुरक्षा और युद्धक क्षमताओं को नई मजबूती मिलेगी।
कोलकाता के बंदरगाह पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इन युद्धपोतों को राष्ट्र को समर्पित किया। तीनों जहाजों का डिजाइन और निर्माण भारत में ही किया गया है, जो रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान की बड़ी उपलब्धि माने जा रहे हैं।
इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने कहा कि एक साथ तीन जहाजों का कमीशन होना भारतीय युद्धपोत निर्माण क्षमता, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE), उद्योग साझेदारों, MSME इकाइयों और निर्माण से जुड़े सभी संस्थानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुंबई में पहली ‘ट्राई-कमीशनिंग’ के 17 महीने बाद कोलकाता में दूसरी बार एक साथ तीन जहाजों को नौसेना में शामिल किया जाना भारत की बढ़ती समुद्री ताकत और रक्षा उत्पादन क्षमता को दर्शाता है।
INS संशोधक: समुद्री सर्वेक्षण और राहत कार्यों में अहम
INS संशोधक एक अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक सर्वे वेसल है। इसका उपयोग समुद्र तल का मानचित्र तैयार करने, सुरक्षित नौवहन मार्गों की पहचान करने और महत्वपूर्ण समुद्री आंकड़े जुटाने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा यह मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों के दौरान फ्लोटिंग मेडिकल सपोर्ट प्लेटफॉर्म के रूप में भी कार्य कर सकता है।
INS अग्रय: दुश्मन की पनडुब्बियों पर रखेगा नजर
INS अग्रय एक एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट है, जिसे तटीय और उथले समुद्री क्षेत्रों में दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने, उनका पीछा करने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए विकसित किया गया है। यह अत्याधुनिक सोनार सिस्टम, टॉरपीडो, एंटी-सबमरीन रॉकेट और 30 मिमी नेवल गन से लैस है। साथ ही यह समुद्री माइंस बिछाने में भी सक्षम है, जिससे तटीय सुरक्षा को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी।
INS दूनागिरी: आधुनिक स्टील्थ फ्रिगेट से बढ़ेगी मारक क्षमता
INS दूनागिरी भारतीय नौसेना के प्रोजेक्ट 17A के तहत निर्मित नीलगिरी श्रेणी का एडवांस्ड स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट है। यह ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल, बराक-8 एयर डिफेंस सिस्टम, टॉरपीडो और अन्य आधुनिक हथियारों से सुसज्जित है। मल्टी-रोल क्षमता वाला यह युद्धपोत वायु रक्षा, सतही युद्ध और पनडुब्बी रोधी अभियानों को प्रभावी ढंग से अंजाम देने में सक्षम है। तीनों जहाजों का निर्माण कोलकाता स्थित GRSE द्वारा किया गया है। इनके नौसेना में शामिल होने से भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।







