Main Slideराष्ट्रीय

उरी सैन्य शिविर में दर्दनाक हादसा, ग्रेनेड फटने से दो जवानों की जान गई

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को एक दुखद हादसे में भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हो गई। सेना के अधिकारियों के अनुसार, उरी के कमलकोट स्थित सैन्य शिविर में नियमित उपकरण हस्तांतरण (इक्विपमेंट हैंडओवर) के दौरान एक हैंड ग्रेनेड अचानक फट गया। विस्फोट में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद दोनों जवानों को उपचार के लिए सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना ने मामले में आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ग्रेनेड के दुर्घटनावश फटने के कारणों की जांच भी की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे एक एक्सीडेंटल ब्लास्ट माना जा रहा है।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक 14 वर्षीय पाकिस्तानी किशोर को सेना ने हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मेंढर सेक्टर के नागरी टेकरी इलाके में तैनात जवानों ने उसे भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के कुछ समय बाद ही रोक लिया।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि किशोर अनजाने में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से LoC पार कर भारतीय सीमा में आ गया था। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं और निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत उसके मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उसे पाकिस्तान वापस भेजे जाने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close