भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, डेब्यू मैच में मानव सुथार का जलवा

भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। बल्लेबाजों के बाद भारतीय गेंदबाजों ने दोनों पारियों में दमदार प्रदर्शन कर मेहमान टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में पहली पारी में 8 विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को 412 रन की बड़ी बढ़त हासिल हुई। इसके बाद भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया। फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की दूसरी पारी भी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम केवल 112 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने मुकाबला पारी और 300 रन से अपने नाम कर लिया।
दूसरी पारी में अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज अब्दुल मलिक सिर्फ 8 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम के लिए सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि रहमानुल्लाह गुरबाज ने 24 और रहमत शाह ने 13 रन का योगदान दिया। भारतीय स्पिनरों ने दूसरी पारी में कहर बरपाते हुए वॉशिंगटन सुंदर ने 4 और कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके। वहीं चोटिल होने के कारण शराफुद्दीन बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।
पहली पारी में भी भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। डेब्यू मैच खेल रहे युवा स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अब्दुल मलिक (16), रहमानुल्लाह गुरबाज (17) और अफसर जजई (3) समेत कई अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए सेदिकुल्लाह अटल (17) और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (20) को आउट किया।
अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। भारतीय टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।







