Main Slideखेल

शुभमन गिल का शतक, गुजरात टाइटंस फाइनल में,वैभव सूर्यवंशी की 96 रन की विस्फोटक पारी गई बेकार

चंडीगढ़: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, चंडीगढ़ में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 214 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

वैभव सूर्यवंशी शतक से चूके, खेली 96 रन की तूफानी पारी

राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल महज 1 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। वैभव ने सिर्फ 47 गेंदों में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 204.26 का रहा। हालांकि वह शतक से मात्र 4 रन दूर रह गए और कागिसो रबाडा ने उनका महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया। वैभव के अलावा रविंद्र जडेजा ने 45 रन और डोनोवन फरेरा ने नाबाद 38 रन का योगदान दिया। वहीं कप्तान रियान पराग 11 रन ही बना सके। दासुन शनाका, ध्रुव जुरेल और जोफ्रा आर्चर जैसे बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

गिल और सुदर्शन ने दिलाई आसान जीत

215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 104 रन बनाए, जबकि सुदर्शन ने 58 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंततः गुजरात ने 7 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया और फाइनल का टिकट कटाया।

गुजरात के गेंदबाजों का प्रदर्शन

गुजरात की ओर से जेसन होल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए। कागिसो रबाडा ने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली। हालांकि स्टार स्पिनर राशिद खान का दिन अच्छा नहीं रहा। उन्होंने अपने 2 ओवर में 45 रन खर्च किए और कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। वाशिंगटन सुंदर ने 2 ओवर में 23 रन दिए, लेकिन उन्हें भी कोई विकेट नहीं मिला।

फाइनल में RCB से भिड़ेगी गुजरात

क्वालिफायर-2 में जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 की ट्रॉफी के लिए महामुकाबला खेला जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close