Main Slideराष्ट्रीय

महाराष्ट्र में जहरीली शराब का कहर: पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में 15 लोगों की मौत, अवैध शराब कारोबारी गिरफ्तार

महाराष्ट्र में एक बार फिर जहरीली शराब ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के अलग-अलग इलाकों में कथित जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाके में 9 लोगों की जान गई, जबकि पुणे के काले पड़ल इलाके में 4 और हडपसर में 3 लोगों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोगों ने कथित तौर पर स्पिरिट युक्त अवैध शराब का सेवन किया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब योगेश वानखेडे नाम के व्यक्ति द्वारा तैयार की गई थी। आरोपी पर पहले से भी कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार शराब पीने के कुछ समय बाद पीड़ितों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और अस्पताल पहुंचाने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

हालांकि पुलिस ने अभी जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।पुलिस के मुताबिक शुरुआती पांच मृतकों में से चार लोगों को शराब पीने की आदत भी नहीं थी। वहीं अब तक मृतकों के परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले में आनंद काशीनाथ निकालजे और आनंद पांडेराव देसाई समेत अन्य मृतकों की मौत के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close