चुनाव प्रचार की जरूरत नहीं पड़ती, मेरा 90% काम सामाजिक सेवा : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राजनीति और चुनाव प्रचार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह चुनावों में ज्यादा प्रचार नहीं करते, क्योंकि एक राजनेता के रूप में उनका 90 प्रतिशत काम सामाजिक सेवा से जुड़ा हुआ है।
गडकरी पुण्य भूषण फाउंडेशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने उद्योगपति Abhay Firodia को ‘पुण्य भूषण’ सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, “मैं एक राजनेता हूं, लेकिन मेरा 90 प्रतिशत काम सामाजिक कार्य है। इसलिए मुझे चुनाव प्रचार की आवश्यकता महसूस नहीं होती।”
उन्होंने अभय फिरोदिया की सराहना करते हुए कहा कि वह केवल सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से संवेदनशील व्यक्ति भी हैं, जो व्यापार में नैतिक मूल्यों का पालन करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने ऑटोमोबाइल सेक्टर को युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और अब स्थिति ऐसी है कि पेट्रोल और डीजल वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहनों की डिलीवरी के लिए ग्राहकों को ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है।
अगर नितिन गडकरी के राजनीतिक सफर की बात करें तो उन्होंने छात्र संगठन ABVP से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी और आपातकाल के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई थी। महाराष्ट्र सरकार में 1995 में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री बनने के बाद उन्होंने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और मुंबई में 50 से अधिक फ्लाईओवर बनवाकर अपनी अलग पहचान बनाई। इसके बाद साल 2009 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। साल 2014 से वह लगातार केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं और देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार को नई गति देने का श्रेय उन्हें दिया जाता है।







