पंजाब में पहली बार होगी एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, सीएम भगवंत मान आज जारी करेंगे कार्यक्रम

चंडीगढ़: पंजाब में पहली बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज मोहाली स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में टूर्नामेंट का कार्यक्रम जारी करेंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के मुकाबले मोहाली और जालंधर में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर पंजाब सरकार की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मोहाली और जालंधर में भिड़ेंगी एशिया की शीर्ष टीमें
एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में पुरुष हॉकी की शीर्ष छह टीमें हिस्सा लेंगी। एशियाई खेलों के समापन के बाद शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों को इस प्रतियोगिता में जगह मिलेगी। एशियाई खेल 3 और 4 अक्टूबर को समाप्त होने हैं। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीमों की तस्वीर साफ होगी।
लंबे समय से चल रही तैयारियां
पंजाब सरकार इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर पिछले काफी समय से तैयारियों में जुटी है। आयोजन को सफल बनाने के लिए अधिकारियों के स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं। स्टेडियम, खिलाड़ियों की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी काम चल रहा है। पंजाब में पहली बार होने जा रहे इस बड़े हॉकी आयोजन से राज्य में खेलों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और पंजाब की खेल विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूत करने का भी अवसर मिलेगा।







