लखनऊ में नकली पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, नामी ब्रांड के रैपर में हो रही थी पैकिंग, दो गिरफ्तार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नकली पान मसाला बनाने के अवैध कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मड़ियांव थाना क्षेत्र में किराये के एक मकान में कथित तौर पर नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली पान मसाला तैयार कर उसकी पैकिंग की जा रही थी। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में तैयार पान मसाला, खुली तंबाकू, अलग-अलग कंपनियों के रैपर और पाउच के अलावा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और अन्य सामान बरामद हुआ है।
सिकरवार चौराहे के पास चल रहा था कारोबार
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला मड़ियांव इलाके में सिकरवार चौराहे के पास स्थित एक किराये के मकान का है। यहां राजश्री, कमला पसंद, विमल, किशोर समेत कई चर्चित ब्रांड के नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली पान मसाला तैयार किया जा रहा था। मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के अनुसार, पुलिस टीम सीतापुर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान केवीएन एफएमसीजी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अंकित कुमार ने पुलिस को इस अवैध गतिविधि की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम बताए गए मकान पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
पुलिस ने जब मकान का दरवाजा खुलवाया तो अंदर मौजूद दो युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पवन साहू और पिन्टू गुप्ता के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो अंदर नकली पान मसाला तैयार करने और उसकी पैकिंग से जुड़ा सामान देखकर टीम भी हैरान रह गई।
39.5 किलो तैयार पान मसाला बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 39.5 किलो तैयार मिश्रित पान मसाला और 5.5 किलो खुली तंबाकू बरामद की। इसके अलावा एस-7, कमला पसंद, किशोर, राजश्री गोल्ड, ओजस्वी-2 और नो एंट्री समेत कई ब्रांड के पाउच और पैकेट भी मिले। पुलिस को अलग-अलग कंपनियों के खाली पाउच, डिब्बे और छोटे-बड़े रोल में रखे रैपर भी मिले। इससे आशंका है कि तैयार मिश्रण को अलग-अलग ब्रांड की पैकिंग में भरकर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पैकिंग मशीन और फ्लेवर की बोतलें भी मिलीं
पुलिस ने मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक पैकिंग मशीन के साथ उसके 10 पार्ट, रैपर चिपकाने के लिए इस्तेमाल होने वाला हीटर, एलीमेंट हीटर और पान मसाले में खुशबू या फ्लेवर मिलाने के लिए रखी गई अलग-अलग बोतलें बरामद की हैं। इसके अलावा स्टील का कटोरा और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नकली पान मसाला कहां तैयार किया जाता था, इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी और इस नेटवर्क में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।







