
देहरादून में तीन दिवसीय 11वें देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का शुक्रवार शाम विधिवत शुभारंभ हो गया। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी में हुए उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर फेस्टिवल की शुरुआत की। इस मौके पर बॉलीवुड और टीवी के कई नामी सितारे मौजूद रहे।
शुक्रवार शाम देहरादून में सिनेमा का महाकुंभ शुरू हो गया। 11वें देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ प्रदेश के स्वास्थ्य और वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। समारोह में फिल्मी सितारों का जमावड़ा लगा रहा। मंच पर वरिष्ठ अभिनेता दीपक पराशर, मुकेश ऋषि, बलराज नेगी, हेमंत पांडे, हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान तेजवानी और महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले फिरोज खान सहित कई कलाकार मौजूद रहे।
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार की फिल्म नीति ने प्रदेश को शूटिंग के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बनाया है। ऐसे फिल्म फेस्टिवल से उत्तराखंड के युवाओं को बड़ा मंच मिलता है और फिल्म इंडस्ट्री को उत्तराखंड की लोकेशन एक्सप्लोर करने का मौका मिलता है। सरकार ऐसे आयोजनों को पूरा प्रोत्साहन देगी।
फेस्टिवल के पहले दिन का पहला शो बेहद खास रहा। आयोजकों ने पहले शो को दिव्यांगजन और दृष्टिबाधित बच्चों को समर्पित किया। उनके लिए फिल्म जौली एलएलबी 3 की स्पेशल स्क्रीनिंग की गई, ताकि वे भी सिनेमा के इस उत्सव से जुड़ सकें।
कलाकारों ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां का प्राकृतिक सौंदर्य बेमिसाल है। देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल एक अच्छा अवसर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की फिल्म नीति और सिंगल विंडो सिस्टम की जितनी तारीफ की जाए कम है, इससे शूटिंग करना बहुत आसान हुआ है।
फेस्टिवल के आयोजक राजेश शर्मा ने फेस्टिवल के मकसद को साफ किया। उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल का उद्देश्य सिर्फ फिल्में दिखाना नहीं है। राजेश शर्मा ने कहा कि हमारा मकसद एक ऐसा प्लेटफार्म देना है जहां सिनेमा, कलाकार, युवा और लोकल टैलेंट एक साथ आएं। उत्तराखंड के फिल्मी कलाकारों को प्रमोट करना, फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को यहां लाकर उत्तराखंड की प्राकृतिक लोकेशंस को फिल्म शूटिंग के लिए एक्सप्लोर करना और उत्तराखंड टैलेंट हंट के जरिए नए कलाकारों को मौका देना ही इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य है।तीन दिन तक चलने वाले इस फेस्टिवल में फिल्म स्क्रीनिंग, कलाकारों के साथ संवाद, टॉक शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। .
देहरादून से एम. फहीम तन्हा की रिपोर्ट







