लखनऊ में भाजयुमो नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता Chetan Tiwari पर शनिवार रात घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय चेतन तिवारी भाजयुमो की महानगर कार्यसमिति के सदस्य हैं। घटना उस समय हुई जब वह अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी एक युवक वहां पहुंचा और उन पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले में चेतन तिवारी की पीठ में दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चेतन तिवारी घर के बाहर खड़े हैं, तभी एक युवक उनके पास आता है और अचानक फायरिंग शुरू कर देता है। गोली लगते ही चेतन जमीन पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद आरोपी उन पर दोबारा फायरिंग करता है और लोगों की भीड़ जुटते देख मौके से फरार हो जाता है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज में लोगों की चीख-पुकार भी सुनाई दे रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
चेतन तिवारी राजनीति में सक्रिय माने जाते हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के साथ तस्वीरें भी मौजूद हैं। ऐसे में मामले को हाई प्रोफाइल माना जा रहा है और पुलिस अलर्ट मोड में जांच कर रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







