Main Slideमनोरंजन

पलाश मुच्छल पर धोखाधड़ी और जातीय टिप्पणी के आरोप, सांगली में मामला दर्ज

संगीतकार और फिल्म निर्माता पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। पहले उनका नाम क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ संबंधों और निजी जीवन को लेकर चर्चा में रहा, और अब वे एक कानूनी मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। महाराष्ट्र के सांगली में अभिनेता और निर्माता विज्ञान माने ने पलाश मुच्छल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में धोखाधड़ी के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण कानून के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।

विज्ञान माने का आरोप है कि पलाश मुच्छल ने उन्हें अपनी फिल्म ‘नजरिया’ में निवेश करने के लिए प्रेरित किया और अच्छे मुनाफे का भरोसा दिलाया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में पलाश ने उनसे लगभग 25 लाख रुपये लिए, लेकिन फिल्म पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं की। शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 नवंबर 2025 को सांगली में मुलाकात के दौरान उन्हें यह महसूस हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है। इसी दौरान पलाश मुच्छल पर जाति आधारित अपमानजनक टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया गया है। विज्ञान माने का कहना है कि इन टिप्पणियों से उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया। विज्ञान माने ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे लौटाने के बजाय उन्हें मुंबई में अपने संपर्कों के माध्यम से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई, जिससे उन्हें मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण कानून की संबंधित धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। गौरतलब है कि पलाश मुच्छल की फिल्म ‘नजरिया’ की शूटिंग वर्ष 2024 में पूरी हो चुकी है, जिसमें भव्य शाह, अपूर्वा अरोड़ा और धीरज सानप मुख्य भूमिकाओं में हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close