Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

कानपुर डबल मर्डर केस: बाइक टक्कर के विवाद में पिता-पुत्र की हत्या, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

कानपुर में मामूली बाइक टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गया। पिता और पुत्र की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी करण वर्मा समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में मुख्य आरोपी करण वर्मा के दोनों पैरों में गोली लगी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि आरोपी हमीरपुर रोड की तरफ से शहर छोड़कर भागने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जब संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मुख्य आरोपी करण वर्मा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली करण के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं उसके साथ मौजूद उज्ज्वल अवस्थी और समीर गौतम को भी मौके से दबोच लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। अधिकारियों के अनुसार आरोपी अपने साथी समीर गौतम की मदद से शहर से बाहर भागने की फिराक में थे। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। दरअसल, यह घटना रविवार रात यशोदा नगर बाईपास इलाके में हुई थी। चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर निवासी शिवनारायण तिवारी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वृंदावन गेस्ट हाउस के पास एक अपाचे बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने पहले हेलमेट और लात-घूंसों से हमला किया, फिर ईंट और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में शिवनारायण तिवारी और उनके दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और एक आरोपी शिवा वर्मा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण तिवारी और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बेटे सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार मृतकों के शरीर पर चाकुओं के कई गहरे घाव मिले हैं।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी सुधा त्रिवेदी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close