कोलकाता में चुनाव के बाद हिंसा : न्यू मार्केट के पास बवाल, TMC ऑफिस में तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के महज एक दिन बाद राजधानी कोलकाता में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। न्यू मार्केट (हॉग मार्केट) इलाके के पास मंगलवार रात जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। आरोप है कि भीड़ बुलडोजर लेकर पहुंची और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दफ्तर को नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई।
तृणमूल कांग्रेस और पार्टी की नेता महुआ मोइत्रा समेत कई नेताओं ने इस घटना के वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भरोसे की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी अब प्रदेश में बुलडोजर और गुंडागर्दी की राजनीति कर रही है। TMC ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि भाजपा का ‘परिवर्तन’ अब बुलडोजर के साथ नजर आ रहा है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा समर्थकों की भीड़ ने न्यू मार्केट इलाके में दुकानों को नुकसान पहुंचाया और TMC कार्यालय में तोड़फोड़ की।
पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर भी गंभीर आरोप लगाए। TMC का कहना है कि कार्यकर्ताओं को हिंसा करने की खुली छूट दी गई, जबकि केंद्रीय बलों को मूकदर्शक बने रहने के निर्देश दिए गए। हालांकि, स्थानीय लोगों ने TMC के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि जिस जगह पर तोड़फोड़ हुई, वह कथित तौर पर अवैध कब्जा था और पहले वहां किसी दुकानदार की संपत्ति थी, जिसे बाद में कब्जाकर पार्टी दफ्तर बना दिया गया था।
इस घटना के बाद चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और केंद्रीय बलों के अधिकारियों को लगातार गश्त करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही साफ कहा गया है कि हिंसा फैलाने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।







