Main Slideराजनीति

तमिलनाडु में सत्ता के करीब TVK, थलापति विजय आज पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा

तमिलनाडु की राजनीति में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नई पार्टी तमिलगा वेत्त्री कज़गम (TVK) के शानदार प्रदर्शन के बाद अब पार्टी प्रमुख थलापति विजय आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने TVK को समर्थन देने का फैसला किया है। हालांकि, इसके बदले कांग्रेस ने दो मंत्रियों की मांग भी रखी है। कांग्रेस का कहना है कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है, इसलिए यह समर्थन जरूरी है। इसी को लेकर तमिलनाडु कांग्रेस (TNCC) दफ्तर में बैठक बुलाई गई है। बैठक के बाद कांग्रेस के 5 विधायक विजय से मिलकर समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपेंगे। वहीं, कांग्रेस के इस फैसले से  (DMK) नाराज हो गई है। डीएमके ने इसे ‘गद्दारी’ बताया है और चेतावनी दी है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में इसके परिणाम देखने को मिलेंगे।

दूसरी ओर (AIADMK) के भीतर भी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के कुछ विधायकों ने महासचिव एडप्पाडी के. पालनिस्वामी से TVK को बाहर से समर्थन देने की अपील की है। इस पर आज फैसला लिया जा सकता है। लेफ्ट पार्टियों ने समर्थन को लेकर 8 मई तक का समय मांगा है, जबकि Indian Union Muslim League (IUML) के दो विधायकों ने DMK गठबंधन के साथ बने रहने का फैसला किया है।

अगर चुनावी नतीजों की बात करें, तो TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया है। DMK को 59 सीटें, AIADMK को 47, कांग्रेस को 5 और PMK को 4 सीटें मिली हैं। गौरतलब है कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था और 4 मई को नतीजे घोषित किए गए। पहली बार चुनाव लड़ रही TVK का यह प्रदर्शन राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या थलापति विजय जनता की उम्मीदों पर खरे उतर पाएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close