Main Slideराष्ट्रीय

मुंबई के पायधुनी में फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35) और बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, परिवार ने डिनर के बाद तरबूज खाया था, जिसके कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। मौत से पहले दिए गए बयान में परिवार के एक सदस्य ने बताया कि सभी ने पहले बिरयानी खाई और उसके बाद तरबूज खाया था, जो उनके एक रिश्तेदार लेकर आए थे।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में आए मेहमानों ने चिकन पुलाव खाया और वापस चले गए, जबकि परिवार के सदस्यों ने बाद में तरबूज खाया। तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी और चक्कर आने लगे। गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जे.जे. अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान रविवार रात चारों की मौत हो गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, खासतौर पर तरबूज खाने के बाद यह स्थिति बनी। यह भी सामने आया है कि जिन लोगों ने केवल चिकन पुलाव खाया था, उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। सभी शवों का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है और अब हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close