Main Slideमनोरंजन

पंजाब किंग्स की जीत के बाद प्रीति जिंटा ने किया हनुमान मंदिर में दर्शन, सनी देओल ने भी मैच का लिया लुत्फ

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने अपनी आईपीएल टीम पंजाब किंग्स की शानदार जीत के बाद नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने बड़ा लक्ष्य हासिल करते हुए दमदार जीत दर्ज की, जिसके बाद प्रीति जिंटा ने मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में प्रीति जिंटा हल्के गुलाबी रंग की पारंपरिक पोशाक में नजर आईं। उन्होंने दुपट्टे से चेहरा आंशिक रूप से ढक रखा था और शांत भाव से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद लोगों से बातचीत भी की। अपनी सादगी और आध्यात्मिक छवि के लिए जानी जाने वाली प्रीति इस दौरान बेहद संयमित दिखीं।

वहीं अभिनेता सनी देओल भी आईपीएल के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला देखते हुए मुस्कुराते दिखे। खास बात यह है कि सनी देओल और प्रीति जिंटा जल्द ही फिल्म ‘लाहौर 1947’ में साथ नजर आने वाले हैं। इससे पहले दोनों ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई’ और ‘भैयाजी सुपरहिट’ में साथ काम कर चुके हैं।

शनिवार को पंजाब किंग्स ने लगातार छठी जीत दर्ज करते हुए टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े रन चेज में से एक को अंजाम दिया। यह मुकाबला नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

जीत के बाद प्रीति जिंटा ने इंस्टाग्राम पर टीम के खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें साझा कर फैंस को बधाई दी। इस सीजन में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। अब देखना होगा कि क्या यह टीम आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर पाती है या नहीं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close