Main Slideराजनीति

अंतिम चरण से पहले सियासी घमासान तेज, योगी के चार कार्यक्रम, मोदी का मेगा रोड शो

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आखिरी चरण की 142 सीटों के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन है। शाम होते-होते चुनावी शोर थम जाएगा, लेकिन उससे पहले बीजेपी और टीएमसी के सभी बड़े नेता मैदान में पूरी ताकत के साथ नजर आ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बंगाल में चार चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनका दिनभर अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो और जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
वे सुबह 11:50 बजे उत्तर 24 परगना के कल्याणी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:05 बजे हुगली के धानेखाली में जनसभा को संबोधित करेंगे। तीसरा कार्यक्रम कोलकाता के दमदम विधानसभा क्षेत्र में 3:25 बजे रोड शो का है, जबकि दिन का अंतिम कार्यक्रम 4:10 बजे राजारहाट गोपालपुर में जनसभा के रूप में होगा।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में मेगा रोड शो किया। रोड शो से पहले उन्होंने उत्तर कोलकाता के ठनठनिया काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर के एक सब्जी बाजार में लोगों के बीच नजर आईं।

बीजेपी ने प्रचार के अंतिम चरण में पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के तमाम स्टार प्रचारक ममता सरकार पर निशाना साध रहे हैं। नॉर्थ 24 परगना में रोड शो के दौरान बीजेपी नेता नितिन नवीन ने कहा कि 4 मई के बाद टीएमसी के गुंडे जेल में होंगे और प्रचंड बहुमत से बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी। वहीं जेपी नड्डा ने पूर्वी बर्धमान में रोड शो के दौरान दावा किया कि जनता ममता सरकार के खिलाफ वोट कर रही है।

दूसरी ओर, टीएमसी भी पलटवार कर रही है। अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि डायमंड हार्बर में चुनाव अधिकारी और बीजेपी उम्मीदवार के बीच एक होटल में गुप्त बैठक हुई थी, जिसे पुलिस ने उजागर कर दिया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close