Main Slideराष्ट्रीय

हावड़ा में रोड शो के दौरान भड़के सुभेंदु अधिकारी, टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी उस वक्त भड़क गए, जब उनके रोड शो के बीच कथित तौर पर टीएमसी समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्हें गुस्से में प्रतिक्रिया देते देखा जा सकता है।

सुभेंदु अधिकारी बाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में रोड शो कर रहे थे। इसी दौरान कुछ तृणमूल कांग्रेस समर्थक रैली में घुस आए और नारे लगाने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ता ‘जय बांग्ला’ सहित कई भड़काऊ नारे लगा रहे थे। घटना के बाद सुभेंदु अधिकारी ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह करीब 5,000 समर्थकों के साथ शांतिपूर्ण प्रचार कर रहे थे, लेकिन जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। उन्होंने बाली थाने के प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग भी की।

गौरतलब है कि सुभेंदु अधिकारी राज्य की राजनीति के प्रमुख चेहरे हैं और पहले भी ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हरा चुके हैं। इस बार वह अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय प्रचार कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close