Main Slideप्रदेश

CM भगवंत मान का ऐलान: ‘मावां धिया सम्मान योजना’ की राशि आज से महिलाओं के खातों में, नई तीर्थ बस सेवाएं भी शुरू

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि ‘मावां धिया सम्मान योजना’ के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की राशि 1 अगस्त से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस योजना से राज्य की करीब 40 लाख महिलाओं को लाभ मिलेगा। मोहाली के सेक्टर-79 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित “एक शाम भगवान शिव के नाम” भक्ति संध्या कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 अगस्त से महिलाओं के मोबाइल फोन पर योजना की राशि जमा होने के संदेश आने शुरू हो जाएंगे।

तीर्थ यात्रियों के लिए नई बस सेवाएं

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अवसर पर मोहाली से खाटू श्याम, सालासर धाम, ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए नई बस सेवाएं शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये बस सेवाएं 1 अगस्त से शुरू होंगी, जिससे आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा, “बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाने से बड़ा कोई तीर्थ नहीं होता।”

पंजाब की भाईचारे की संस्कृति पर जोर

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पंजाब की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार और धार्मिक आयोजन मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर नफरत फैलाने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। भगवंत मान ने सरकार की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनता से टैक्स के रूप में प्राप्त धन को स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और विभिन्न सामाजिक योजनाओं के जरिए फिर से लोगों के हित में खर्च किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close