पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, सीएम धामी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा; दीर्घायु की कामना

उत्तरकाशी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान सीएम धामी ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पण की मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान देश को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का काम किया है।
सीएम धामी ने मंदिर में पूजा के बाद कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प की दिशा में लगातार आगे बढ़ता रहेगा।
‘देवभूमि से पीएम मोदी के लिए आशीर्वाद मांगना सौभाग्य’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के लंबे और सफल सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र भूमि से भगवान विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंदिर में पूजा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के साथ प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की भी कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा रही है। उनके नेतृत्व में देश के विकास के साथ आस्था, संस्कृति और विरासत को भी नई मजबूती मिली है।
कैबिनेट ने भी पीएम मोदी के 25 साल के नेतृत्व की सराहना की
इससे एक दिन पहले मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के शीर्ष पदों पर 25 वर्षों के नेतृत्व की सराहना की थी। कैबिनेट की ओर से कहा गया कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी की राजनीतिक यात्रा ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नागरिक प्रथम’ की भावना से प्रेरित रही है।
कैबिनेट ने गुजरात में लगातार तीन विधानसभा चुनावों में मिली जीत और इसके बाद लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जनता के समर्थन का भी उल्लेख किया। सरकार की ओर से कहा गया कि ये जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों के निरंतर विश्वास को दर्शाते हैं।







