Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ के विकासनगर में भीषण आग, 200 से ज्यादा झोपड़ियां खाक, सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका

लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-12 स्थित सड़क किनारे बस्ती में बुधवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही घंटों में 200 से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गईं और सैकड़ों परिवार बेघर हो गए। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत शाम करीब 5 बजे एक मस्जिदनुमा झोपड़ी से हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। फूस और प्लास्टिक से बनी झोपड़ियों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

आग लगते ही झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे। करीब 100 सिलेंडरों के धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के पक्के मकान भी हिल गए। दहशत में लोग अपने बच्चों और सामान को छोड़कर जान बचाने के लिए भागते नजर आए। एहतियातन प्रशासन ने पास के करीब 30 पक्के घरों को खाली कराया और ट्रैफिक को रोककर डायवर्ट किया।

इस अग्निकांड में भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 50 बकरियां और दो गायें जिंदा जल गईं। वहीं कुछ बच्चों के लापता होने की खबर के चलते इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, हालांकि अब तक किसी इंसानी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना के दौरान पुलिस और दमकल विभाग की देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिससे नुकसान और बढ़ गया। इस दौरान लोगों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीजी फायर सुजीत पांडेय, पुलिस कमिश्नर और भारी पुलिस बल के साथ SDRF की टीम को तैनात किया गया। करीब 22 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, हालांकि कूलिंग का काम अभी जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने जिलाधिकारी से बात कर प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा है।

प्रशासन फिलहाल बेघर हुए लोगों के लिए रैन बसेरों और भोजन की व्यवस्था में जुटा है। आग लगने के कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है, जबकि प्रभावित रिंग रोड इलाके में ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close