आईआईटी बाबा अभय सिंह ने की शादी, कर्नाटक की इंजीनियर प्रतीका बनीं जीवनसाथी

महाकुंभ में वायरल हुए आईआईटी बाबा के नाम से चर्चित अभय सिंह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। ब्रह्मचर्य की बात करने वाले अभय सिंह ने शादी कर ली है। जानकारी के अनुसार उन्होंने फरवरी माह में कर्नाटक की रहने वाली प्रतीका नाम की युवती से विवाह किया। प्रतीका पेशे से इंजीनियर हैं।
शादी के बाद अभय सिंह पहली बार तब सार्वजनिक रूप से नजर आए जब वे हरियाणा के झज्जर में एक बैंक में केवाईसी करवाने पहुंचे थे। इसके अलावा उन्हें अपनी पत्नी के साथ अपने पिता के चैंबर में भी देखा गया। अभय सिंह के पिता पेशे से वकील हैं। सूत्रों के मुताबिक, अभय सिंह और प्रतीका ने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में विवाह किया था। इसके बाद 19 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की।
एक बातचीत में प्रतीका ने बताया कि वह करीब एक साल पहले अभय सिंह से मिली थीं और उन्हें उनका स्वभाव काफी पसंद आया। दोनों ने एक-दूसरे को समझने के बाद शादी का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि वे फिलहाल अपने सास-ससुर से मिलने झज्जर आए हैं। भविष्य की योजनाओं को लेकर प्रतीका ने बताया कि वे एक सनातन यूनिवर्सिटी बनाने का विचार कर रहे हैं। वहीं अभय सिंह ने भी कहा कि इसमें छिपाने जैसा कुछ नहीं है और वे अपनी जिंदगी से खुश हैं। उन्होंने सादगी से जीवन जीने की बात कही।
अभय सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी बेंगलुरु की रहने वाली हैं और दोनों एक ही विजन पर साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने एक ऐसी यूनिवर्सिटी बनाने की योजना का जिक्र किया जिसमें सांसारिक ज्ञान के साथ आध्यात्मिक साधना को भी जोड़ा जाएगा। उनका कहना है कि यहां शिक्षा और साधना दोनों पर समान रूप से फोकस किया जाएगा।
महाकुंभ से पहले अभय सिंह गुमनाम जीवन जी रहे थे, लेकिन जूना अखाड़ा से जुड़े होने के कारण उन्हें मीडिया में पहचान मिली। आईआईटी से पढ़ाई और लाखों का पैकेज छोड़कर साधु बनने की उनकी कहानी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। आईआईटी बाबा के रूप में पहचान बनाने वाले अभय सिंह अपने बयानों को लेकर भी चर्चा में रहे। एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें उनके अखाड़े से बाहर कर दिया गया था।







