गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लोकप्रिय यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया गया। बाइक सवार दो हमलावरों ने उनके गले और पेट पर धारदार हथियार से कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सलीम वास्तिक को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंकुर विहार के अल्वी नगर निवासी सलीम वास्तिक पर अली गार्डन कॉलोनी स्थित उनके कार्यालय पर हमला हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए थे और दोनों ने हेलमेट लगाया हुआ था। हमले के बाद वे बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सलीम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनके गले के घाव का ऑपरेशन किया जा चुका है, जबकि पेट का ऑपरेशन किया जाना है।
सलीम वास्तिक के बेटे उस्मान ने लोनी कोतवाली में भाटी बिल्डर, एआईएमआईएम नेता अजगर, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
सलीम वास्तिक पहले मुस्लिम धर्म का पालन करते थे और मौलवी भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने अपने निजी विचारों के आधार पर धर्म त्याग दिया और धार्मिक विषयों पर खुलकर अपनी राय रखते रहे। वे दो यूट्यूब चैनल संचालित करते थे और विभिन्न टीवी कार्यक्रमों में भी नजर आ चुके हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 179 वीडियो और करीब 28 हजार से अधिक सब्सक्राइबर हैं। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश की स्थिति बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द कानून के कटघरे में लाया जाएगा।







