Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

अखिलेश यादव के घोषणापत्र पर मायावती और ओम प्रकाश राजभर का हमला, बताया ‘हवाई वादों का पुलिंदा’, चुनाव में घेरने की दी चुनौती

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का चुनावी घोषणापत्र ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ जारी किया। इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों को लेकर कई अहम वादे किए गए हैं। हालांकि, घोषणापत्र सामने आते ही विपक्षी दलों ने सपा को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने सपा के घोषणापत्र को हवाई वादों का दस्तावेज करार दिया। वहीं, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। दोनों नेताओं ने कानून-व्यवस्था और सपा के पुराने शासनकाल को लेकर सवाल उठाए हैं।

मायावती ने सपा के घोषणापत्र को बताया चुनावी छलावा

बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पांच बिंदुओं में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को महज हवाई दावों वाला दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह पार्टी के पीडीए के नारे की तरह ही वास्तविकता से दूर है।

मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का राजनीतिक रवैया गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों के अनुकूल नहीं रहा है। उन्होंने पार्टी पर जातिवादी राजनीति करने और बड़े पूंजीपतियों को प्राथमिकता देने का आरोप भी लगाया।

बसपा सुप्रीमो ने हालिया राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने पीडीए को आगे बढ़ाने के बजाय एक बड़े उद्योगपति को तरजीह दी। उनके मुताबिक, ऐसी नीतियों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।

‘जन-मन नहीं, धन-मन का घोषणापत्र’

मायावती ने सपा के घोषणापत्र पर तंज कसते हुए इसे ‘जन-मन’ के बजाय ‘धन-मन वादी’ दस्तावेज बताया। उन्होंने आशंका जताई कि पार्टी चुनाव में ऐसे अमीर और बाहुबली लोगों को भी मौका दे सकती है, जिनकी प्राथमिकता जनहित के बजाय निजी स्वार्थ होता है।

उन्होंने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराना और कानून का राज स्थापित करना बसपा की नीतियों का हिस्सा रहा है। मायावती ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज के हितों को ध्यान में रखकर काम किया गया।

इसके अलावा उन्होंने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण को लेकर विरोधी रुख अपनाने तथा प्रदेश में जातीय तनाव और दंगों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मायावती ने जनता से सपा के वादों को लेकर सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि उसके दावे चुनावी छलावे से ज्यादा कुछ नहीं हैं।

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा

सपा के घोषणापत्र पर ओम प्रकाश राजभर ने भी निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सपा प्रमुख अब खुद यह स्वीकार कर रहे हैं कि उनकी सरकार के दौरान गुंडई और अपराध जैसी घटनाएं होती थीं। राजभर ने घोषणापत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए वादों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “मित्र अखिलेश जी, आपकी सरकार में जमकर तांडव हुआ, ये पहले हम कहते थे लेकिन आज आपने खुद मान लिया। इसीलिए ना कसम खा रहे हैं कि अब गुंडई नहीं होगी? ये कसम तो आपने होटल के हॉल में खाई है।” राजभर ने आगे कहा कि अगर अखिलेश यादव गंगा किनारे खड़े होकर भी यह भरोसा दिलाएं कि उनकी सरकार में अपराध नहीं होंगे, तब भी जनता उनकी बात पर आसानी से विश्वास नहीं करेगी।

‘सिर्फ नारे देने से अपराध कम नहीं होते’

सुभासपा प्रमुख ने कहा कि केवल नारे लगाने और घोषणाएं करने से अपराध पर लगाम नहीं लगाई जा सकती। इसके लिए मजबूत इच्छाशक्ति और साफ नीयत की जरूरत होती है। उन्होंने अखिलेश यादव की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनमें ऐसी इच्छाशक्ति नजर नहीं आती।राजभर ने अपने बयान के आखिर में सपा को चुनावी मैदान में मुकाबले की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में आइए, मुकाबला दिलचस्प होगा।

घोषणापत्र को लेकर तेज हुई सियासी बयानबाजी

समाजवादी पार्टी के चुनावी वादों के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक तरफ अखिलेश यादव का घोषणापत्र युवाओं, किसानों, महिलाओं और उद्यमियों को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, तो दूसरी तरफ मायावती और ओम प्रकाश राजभर ने इसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। अब देखना होगा कि सपा इन हमलों का किस तरह जवाब देती है और चुनावी मैदान में घोषणापत्र का मुद्दा कितना प्रभाव डालता है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close