Main Slideप्रदेशराष्ट्रीय

अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसना होमगार्ड जवान को पड़ा भारी, पटना ट्रैफिक पुलिस ने लिया एक्शन

पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों काफी चर्चा में है। भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में मेहमानों की मौजूदगी और राजनीतिक हस्तियों के जमावड़े के बीच अब यह समारोह एक नए विवाद को लेकर सुर्खियों में आ गया है। दरअसल, शादी समारोह में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान को पुलिस की वर्दी में मेहमानों को खाना परोसते देखा गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने संबंधित जवान के खिलाफ कार्रवाई की है। मामले में होमगार्ड जवान सतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय, पटना में क्लोज कर दिया गया है। साथ ही उसे अगले आदेश तक ट्रैफिक ड्यूटी से हटा दिया गया है।

ड्यूटी छोड़ शादी में खाना परोस रहा था जवान

जानकारी के मुताबिक, होमगार्ड जवान सतीश कुमार की तैनाती शादी समारोह स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए की गई थी। उसे निर्धारित ड्यूटी के तहत सड़क पर ट्रैफिक नियंत्रित करना था। हालांकि, इस दौरान उसका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह पुलिस की वर्दी पहने शादी समारोह में मेहमानों को खाने की प्लेट परोसता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पटना ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद वीडियो की जांच और सत्यापन कराया गया। मामला सही पाए जाने पर संबंधित जवान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

ट्रैफिक एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

पटना ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बिहार गृह रक्षा वाहिनी के जवान सतीश कुमार (BHG-103755) को यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बावजूद वह निर्धारित कार्य के बजाय एक निजी समारोह में खाना परोसते हुए पाया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जवान का यह आचरण ड्यूटी के प्रति लापरवाही को दर्शाता है और इससे यातायात पुलिस की छवि भी प्रभावित हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने उसे तत्काल जिला मुख्यालय में क्लोज करने का आदेश दिया।

कारण बताओ नोटिस, जांच के बाद आगे की कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने जवान को अगले आदेश तक यातायात ड्यूटी से भी अलग कर दिया है। इसके अलावा उससे पूरे मामले में जवाब मांगा गया है। अधिकारियों का कहना है कि कारण बताओ नोटिस के जवाब और विभागीय जांच के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

घोड़ों की रेस के दौरान भी हुआ था हादसा

गौरतलब है कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी पहले भी एक हादसे को लेकर चर्चा में आ चुकी है। समारोह के दौरान आयोजित घोड़ों की रेस देखने पहुंचे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं, अब वर्दी में होमगार्ड जवान के खाना परोसने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close