Main Slideराष्ट्रीय

मस्जिद में छिपे लश्कर कमांडर लतीफ भट से सेना ने की वीडियो कॉल, सरेंडर से किया इनकार, मुठभेड़ में ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जानकारी के मुताबिक, जानागलपोरा इलाके में एक मस्जिद के भीतर छिपे आतंकी को सुरक्षाबलों ने घेर लिया था। इस दौरान जवानों ने उसे बाहर आकर आत्मसमर्पण करने के लिए समझाने की कोशिश की। इस पूरी बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सेना के जवान आतंकी से लगातार हथियार डालने की अपील करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो कॉल पर जवानों ने की सरेंडर की अपील

सामने आए वीडियो में सुरक्षाबलों के जवान आतंकी को लतीफ नाम से संबोधित करते सुनाई दे रहे हैं। जवानों ने उसे समझाने की कोशिश की और कहा कि वह बेवजह अपनी जान जोखिम में न डाले। एक जवान ने उससे कहा कि वह सरेंडर कर दे और गोलीबारी रोक दे। जवान ने यहां तक कहा कि वह खुद उसके पास आने के लिए तैयार है। हालांकि, आतंकी पर जवानों की अपील का कोई असर होता नहीं दिखा। उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और बातचीत के दौरान अपने इरादे जाहिर करता रहा।

‘मेरे साथ सिर्फ अल्लाह है’, आतंकी ने दिया जवाब

वीडियो में बातचीत की शुरुआत आतंकी के अरबी में एक धार्मिक वाक्य बोलने से होती है। इसके बाद सेना का जवान उसे समझाने की कोशिश करता है। जवाब में आतंकी कहता है कि वह अल्लाह से मिलने के लिए निकला है और उसे अपनी मौत का डर नहीं है। वह कहता है, ‘मैं बहुत खुश हूं। अल्लाह को देखूंगा और अल्लाह के रसूल नबी को देखूंगा।’ इसके बाद वह ‘अल्लाह हू अकबर’ का नारा लगाता है। जवान दोबारा उसे समझाते हुए आत्मसमर्पण करने और मुठभेड़ रोकने की अपील करता है। लेकिन आतंकी अपने जवाब में कहता है, ‘मेरे साथ बस अल्लाह है, मेरे साथ अल्लाह काफी है। अल्लाह हू अकबर।’

क्या होता है ‘अल्लाह हू अकबर’ का मतलब?

‘अल्लाह हू अकबर’ अरबी भाषा का एक प्रसिद्ध वाक्यांश है। इसका अर्थ है- ‘अल्लाह सबसे महान है।’ इस्लाम में इस वाक्यांश को तकबीर कहा जाता है और इसका इस्तेमाल धार्मिक संदर्भों में किया जाता है।

मुठभेड़ में मारा गया लश्कर कमांडर लतीफ भट

सुरक्षाबलों की ओर से लगातार आत्मसमर्पण का मौका दिए जाने के बावजूद लतीफ भट ने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद इलाके में मुठभेड़ जारी रही, जिसमें वह मारा गया। उसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के तौर पर हुई है। इस कार्रवाई को कुलगाम में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की अहम कामयाबी माना जा रहा है। लतीफ भट के मारे जाने से इलाके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगने की बात कही जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close