ग्रेटर नोएडा में महिला दरोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बाथरूम में मिला शव, हार्ट अटैक की आशंका

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दुखद खबर सामने आई है। जारचा थाने में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव मंगलवार को उनके कमरे के बाथरूम में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रश्मि गौतम वर्ष 2023 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं। उनकी तैनाती साल 2024 से ग्रेटर नोएडा के जारचा थाने में थी। मंगलवार सुबह उनके पिता ने कई बार फोन कर बेटी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। काफी देर तक बात नहीं होने पर उनके पिता को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने रश्मि के साथ रहने वाली एक अन्य महिला सब इंस्पेक्टर से संपर्क किया और बेटी से बात कराने का अनुरोध किया।
काफी देर तक नहीं खुला कमरे का दरवाजा, तोड़ने पर मिला शव
पिता के फोन के बाद जब रश्मि की साथी महिला सब इंस्पेक्टर उनके कमरे पर पहुंचीं, तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के बाथरूम में रश्मि गौतम मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
कानपुर की रहने वाली थीं रश्मि गौतम
रश्मि गौतम मूल रूप से कानपुर नगर की रहने वाली थीं। उनके पिता भी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना से पुलिस विभाग के अधिकारी और उनके साथी भी स्तब्ध हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल मौत की असल वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।







