
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को बड़ा झटका लगा है. सुल्तानपुर से पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी उदराज वर्मा ने बसपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उनके पार्टी छोड़ने से अयोध्या मंडल में बसपा को बड़ा राजनीतिक नुकसान माना जा रहा है. खासकर पिछड़े वर्ग और कुर्मी समाज में उनकी सक्रियता को देखते हुए इस घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है.
उदराज वर्मा पिछले करीब 10 वर्षों से बसपा में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. पार्टी ने वर्ष 2022 में उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया था. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में बसपा ने उन्हें सुल्तानपुर सीट से मैदान में उतारा था. इस चुनाव में उदराज वर्मा को 1 लाख 63 हजार से अधिक वोट मिले थे.
सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछड़े वर्ग के बीच उनकी राजनीतिक सक्रियता रही है. ऐसे में उनका इस्तीफा बसपा के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चुनौती माना जा रहा है. अयोध्या मंडल में कुर्मी समाज से जुड़े एक प्रमुख चेहरे के पार्टी छोड़ने से बसपा के सामाजिक समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं. ऐसे समय में उदराज वर्मा का बसपा से अलग होना पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है.







