Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: टिहरी में पुल से 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 8 की मौत, 26 घायल

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में आठ यात्रियों की जान चली गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। बस हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप यह दुर्घटना हुई। बस पुल से नीचे गहरी खाई में गिरने के कारण यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के चलते राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें घटनास्थल पर भेजी गईं। घायलों को एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश के एम्स और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

हादसे की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल बस किस वजह से अनियंत्रित हुई और पुल से नीचे कैसे गिरी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव से जुड़े कामों में जुटी रहीं।

पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख

टिहरी में हुए इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close