राजनीतिराष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश में 16 IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के DM बदले; मनोज राय और उमेश मिश्रा की वापसी चर्चा में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रदेश सरकार ने 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ-साथ महत्वपूर्ण विभागों और औद्योगिक संस्थानों में भी नई तैनाती की है। इस फेरबदल में लंबे समय से जिलाधिकारी की जिम्मेदारी से दूर रहे मनोज राय और उमेश मिश्रा की वापसी खास चर्चा में है।

मनोज राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि करीब नौ साल बाद उन्हें जिला प्रशासन की मुख्यधारा में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को हटाकर नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनकी जगह रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। अनिल सिंह को भदोही, शैलेश कुमार को चंदौली और प्रवीण वर्मा को शामली का जिलाधिकारी बनाया गया है।

औद्योगिक और प्रशासनिक विभागों में भी फेरबदल

तबादला सूची के तहत रवि कुमार एनजी को यूपीएसआईडीसी (UPSIDC) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाया गया है। बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का सीईओ नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। सौम्या अग्रवाल को वस्त्र निगम का प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। सैमुअल पॉल को अपर आयुक्त सहकारिता और अन्नपूर्णा गर्ग को बाल विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में जिलों से लेकर औद्योगिक विकास और महत्वपूर्ण विभागों तक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close