Main Slideमनोरंजन

फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन, ‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट वडाला’ से बनाई थी खास पहचान

मुंबई: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया है. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने 30 अक्टूबर को मुंबई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है.

फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संजय गुप्ता के निधन की जानकारी साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने बताया कि घर पर गिरने के कारण संजय गुप्ता के सिर में गंभीर चोट आई थी, जो उनके निधन की वजह बनी.

अशोक पंडित ने अपने संदेश में संजय गुप्ता को बेहतरीन निर्देशक, शानदार किस्सागो और जिंदादिल इंसान बताया. उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री ने एक प्रतिभाशाली फिल्ममेकर को खो दिया है. संजय गुप्ता के जाने को उन्होंने सिनेमा जगत के लिए बड़ी क्षति करार दिया.

‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट वडाला’ से मिली पहचान

संजय गुप्ता ने अपने लंबे फिल्मी करियर में एक्शन और क्राइम-थ्रिलर फिल्मों के जरिए अलग पहचान बनाई. ‘जंग’, ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों के निर्देशन ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई.

उनकी फिल्मों में एक्शन, अपराध की दुनिया और दमदार किरदारों को पेश करने का अलग अंदाज देखने को मिलता था. उनका खास विजुअल स्टाइल और कहानी कहने का तरीका उनकी फिल्मों की पहचान बना.

पहले भी गंभीर सड़क हादसे का हुए थे शिकार

संजय गुप्ता इससे पहले भी एक बड़े हादसे का सामना कर चुके थे. कई साल पहले पुणे से मुंबई लौटते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. हालांकि, इलाज के बाद वह स्वस्थ हुए और दोबारा फिल्म निर्माण और निर्देशन के काम में सक्रिय हो गए थे.

संजय गुप्ता के निधन से हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया है, जिन्होंने एक्शन और क्राइम-थ्रिलर फिल्मों को अपना अलग अंदाज दिया.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close