Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेशराजनीति

यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी BJP, लखनऊ पहुंचे अमित शाह ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को गति देने के साथ संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं. इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे. यहां उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया. बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए. सभी नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. इससे पहले चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने अमित शाह का स्वागत किया. उनके लखनऊ पहुंचने के साथ ही बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.

2027 के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे अमित शाह

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अमित शाह के अनुभव और मार्गदर्शन से पार्टी को नई दिशा मिलेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश के सभी कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में नए संगठन के गठन के बाद पंकज चौधरी के नेतृत्व में यह पहली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक है. उन्होंने अमित शाह को कुशल रणनीतिकार बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में उनके नेतृत्व में पार्टी ने पहले भी कई महत्वपूर्ण चुनावी अभियान चलाए हैं और सफलता हासिल की है.

ब्रजेश पाठक बोले- जनता बीजेपी के साथ, 2027 में मिलेगी बड़ी जीत

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अमित शाह को पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए अभिभावक समान बताया. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का मार्गदर्शन संगठन को मजबूती देने के साथ कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेगा. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. ब्रजेश पाठक ने कहा कि विपक्ष को किसी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए. प्रदेश की जनता बीजेपी के साथ है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

रवि किशन बोले- राजनीति के चाणक्य का हो रहा आगमन

बीजेपी सांसद रवि किशन ने अमित शाह के दौरे को लेकर उत्साह जताया. उन्होंने कहा कि राजनीति के चाणक्य लखनऊ आ रहे हैं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है. उनके मुताबिक, अमित शाह के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है. वहीं, बीजेपी सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि अमित शाह कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और उनका मार्गदर्शन करने के लिए पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी की मौजूदा स्थिति कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है. प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप 2027 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में संगठन काम करेगा.

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की बनेगी रणनीति

अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इसमें प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा के साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा. इसके अलावा पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने, चुनावी अभियान की रूपरेखा तैयार करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है. बैठक में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी की राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर भी मंथन होने की संभावना है. पार्टी किस मुद्दे और संदेश के साथ जनता के बीच जाएगी, विपक्ष के आरोपों का जवाब कैसे दिया जाएगा और चुनाव प्रचार को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा, इन सभी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी.

सीएम योगी के संबोधन के साथ होगा बैठक का समापन

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे. उनके संबोधन में सरकार की उपलब्धियों, संगठन की भूमिका और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा देने की उम्मीद है. बीजेपी की इस बैठक को 2027 के चुनाव से पहले संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने की अहम कवायद के तौर पर देखा जा रहा है.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close