Main Slideप्रदेश

गुजरात : भावनगर में खड़े ट्रेलर से भिड़ी बोलेरो, 7 लोगों की मौत

गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो एक खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसा भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर तलाजा तालुका के त्रापाज गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेलर हाईवे की सर्विस रोड पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।

मौके पर 6 लोगों ने तोड़ा दम

पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे के मुताबिक हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। बोलेरो में सवार लोग भावनगर से अलंग की ओर जा रहे थे। ये सभी अलंग स्थित एक शिपयार्ड में काम करते थे। पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर भी टक्कर के कारण आगे की ओर खिसक गया।

बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बोलेरो

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बोलेरो के अंदर लोग बुरी तरह फंस गए थे। राहत और बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। बताया गया कि वाहन के दरवाजे खोलने के लिए लोहे की छड़ों की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सरकारी अस्पताल भेजा गया।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी और वह सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकराई। पुलिस हादसे के कारणों और सर्विस रोड पर ट्रेलर खड़े होने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close