हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; CM ने रद्द किए सभी कार्यक्रम

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। उन्हें रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मां की तबीयत ज्यादा खराब होने के चलते मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए। मुख्यमंत्री मंगलवार को दिनभर अस्पताल में अपनी मां के साथ रहे। इसी वजह से वह करमा महोत्सव में भी शामिल नहीं हो सके। हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से रूपी सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति और इलाज को लेकर जानकारी ली।
किडनी संक्रमण के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को रूपी सोरेन की तबीयत किडनी में संक्रमण के कारण और खराब होने की बात सामने आई। उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहर ले जाने पर भी विचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बुधवार को उन्हें बाहर ले जाया जा सकता है। रूपी सोरेन को पहले भी इलाज के लिए हैदराबाद के अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। वहां उपचार के बाद वह झारखंड लौटी थीं, लेकिन इसके बाद एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई।
ब्रेन और किडनी से जुड़ी परेशानी की बात
रूपी सोरेन को ब्रेन और किडनी से संबंधित स्वास्थ्य समस्याएं होने की जानकारी सामने आई है। अस्पताल में संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, अस्पताल की ओर से उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
शुक्रवार को बिगड़ी थी तबीयत
बताया गया है कि बीते शुक्रवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक खराब हुई थी। घर पर डॉक्टरों ने उनकी जांच की थी। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उनका उपचार डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अस्पताल में रहकर अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।







