एशियन गेम्स 2026: भारत ने श्रीलंका को हराकर जीता महिला क्रिकेट का गोल्ड, फाइनल में 147 रन से बड़ी जीत

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में 147 रन से शिकस्त दी। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना पहला गोल्ड मेडल हासिल किया। फाइनल में हार के बाद श्रीलंका को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।
मंधाना ने बरसाए चौके-छक्के, शेफाली ने भी दिया साथ
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। मंधाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 45 गेंदों की पारी में 5 चौके और 7 छक्के लगाते हुए 79 रन बनाए। शेफाली वर्मा भी अच्छी लय में नजर आईं, लेकिन उनका अर्धशतक पूरा नहीं हो सका। वह 48 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन का योगदान दिया। पारी के अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला और तेजी से रन बटोरते हुए भारतीय स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। ऋचा ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। उन्होंने भारती के साथ मिलकर 53 रन की अहम साझेदारी की। भारत ने 20 ओवर की समाप्ति पर 3 विकेट खोकर 216 रन बनाए। यह महिला एशियन गेम्स के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा।
217 रन के लक्ष्य के सामने श्रीलंका की बल्लेबाजी ढेर
217 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते हुए श्रीलंका को संभलने का कोई मौका नहीं दिया।
इमेशा दुलानी 10 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद हसिनी परेरा बिना खाता खोले आउट हो गईं। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने टीम की पारी को संभालने की कोशिश की और 21 गेंदों में 29 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए। उनके अलावा श्रीलंका की कोई अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई।
दीप्ति शर्मा ने बरपाया कहर
भारत की गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा सबसे सफल रहीं। उन्होंने श्रीलंका के 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। श्री चरनी और श्रेयांका पाटिल ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और भारत ने 147 रन की बड़ी जीत के साथ महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।







