Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

हापुड़ के धौलाना थाने में सिपाही ने सरकारी राइफल से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत, जेब से मिला 6 पन्नों का नोट

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। धौलाना थाना परिसर में रविवार, 13 सितंबर को ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही ने अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में सिपाही को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आगरा निवासी सिपाही आशीष कुमार के रूप में हुई है। वह 2025 बैच का पुलिसकर्मी था और वर्तमान में धौलाना थाने में सशस्त्र राइफल ड्यूटी पर तैनात था।

जेब से बरामद हुआ छह पन्नों का हस्तलिखित नोट

घटना के बाद पुलिस ने मृतक सिपाही की जेब से छह पन्नों का हस्तलिखित नोट बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नोट में आशीष कुमार ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और डिप्रेशन का जिक्र किया है। बताया गया है कि वह पहले इन समस्याओं का इलाज करा रहा था, लेकिन वर्तमान में इलाज नहीं कराना चाहता था। पुलिस ने नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही नोट में लिखी बातों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस विभाग और सहकर्मियों की तारीफ का भी जिक्र

हापुड़ के एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि सिपाही की जेब से बरामद नोट में पुलिस विभाग, अधिकारियों और साथी कर्मचारियों के प्रति सराहना व्यक्त की गई है। पुलिस इस दस्तावेज की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है।

परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के साथ ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close