Main Slideप्रदेश

MP Mobility Vision Summit 2026: इंदौर में जुटेंगे देशभर के परिवहन विशेषज्ञ, CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

इंदौर: मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है। परिवहन विभाग की ओर से 11 और 12 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय ‘यात्री परिवहन विजन समिट 2026’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर होगा फोकस

समिट का मुख्य केंद्र ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ रहेगा। इसका आयोजन मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) की ओर से ईलेट्स टेक्नोमीडिया के सहयोग से किया जा रहा है। ‘नई सोच, नई राह, नया मध्य प्रदेश’ विजन के साथ आयोजित इस समिट का उद्देश्य प्रदेश में PPP मॉडल, आधुनिक आईटी सिस्टम और हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

CM मोहन यादव करेंगे इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन

समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। इसमें बस निर्माता कंपनियों, आईटी कंपनियों, वित्तीय संस्थानों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े अन्य उद्योगों के साथ सरकारी निगमों की ओर से विभिन्न गतिविधियों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर समिट की स्मारिका और ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की आगामी योजनाओं से जुड़ी विशेष पुस्तिका का भी विमोचन होगा। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के जरिए चयनित MPYPIL के नए लोगो का अनावरण भी मुख्यमंत्री करेंगे।

मोबिलिटी स्टार्टअप्स के लिए हैकाथॉन

समिट में मोबिलिटी क्षेत्र के स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए एक हैकाथॉन भी शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य परिवहन व्यवस्था से जुड़ी नई तकनीकों और समाधान विकसित करने के लिए युवाओं और स्टार्टअप्स को मंच उपलब्ध कराना है।

देशभर के विशेषज्ञ और कंपनियां होंगी शामिल

समिट में देश के विभिन्न हिस्सों से परिवहन विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निजी बस ऑपरेटर, राज्य परिवहन उपक्रमों और आईटी कंपनियों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। विशेषज्ञ मध्य प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को स्मार्ट, सुरक्षित, सुगम और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए रणनीति और सुझाव साझा करेंगे। समिट में EKA Mobility, Tata Motors, GreenCell Mobility, Volvo-Eicher, Switch Mobility, Rapido, Chalo Mobility, Indian Oil, SBI समेत कई प्रमुख कंपनियों की भागीदारी होगी। इसके अलावा WRI India, BITS Pilani, CEPT Ahmedabad, KPMG और DIMTS जैसे संस्थानों के विशेषज्ञ भी चर्चा में शामिल होंगे।

8 अहम मुद्दों पर होगा मंथन

समिट के दौरान आठ प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेश के यात्री परिवहन के भविष्य पर चर्चा होगी।

  1. MP Mobility Vision 2030: बस संचालन और ITMS में PPP मॉडल को बढ़ावा देने पर चर्चा।
  2. आधुनिक परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर: बस टर्मिनल, मल्टीमॉडल हब और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में निवेश बढ़ाने पर मंथन।
  3. आत्मनिर्भर बस संचालन: गैर-किराया राजस्व और नए वित्तीय मॉडल पर चर्चा।
  4. रोजगार और उद्यमिता: केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए परिवहन क्षेत्र में रोजगार और कारोबार को बढ़ावा देने पर फोकस।
  5. यात्री सुरक्षा और सुविधा: CCTV, आपातकालीन व्यवस्था, चालक प्रशिक्षण और शिकायत निवारण पर चर्चा।
  6. AI आधारित परिवहन: डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए बस रूट और शेड्यूल को बेहतर बनाने पर मंथन।
  7. ग्रीन मोबिलिटी: इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और फ्लेक्स-फ्यूल बसों के साथ चार्जिंग और रीफ्यूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा।
  8. एकीकृत टिकटिंग: नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड, ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन और MaaS प्लेटफॉर्म के जरिए यात्रियों को निर्बाध यात्रा सुविधा देने पर विचार।

समिट के जरिए मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के लिए तकनीक, निवेश, हरित ऊर्जा और बेहतर यात्री सुविधाओं पर आधारित नई रणनीति तैयार करने की दिशा में अहम कदम उठाया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close