जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे CM योगी, बोले- सनातन की आस्था मिटाने वाले खुद मिट्टी में मिल गए

पूरे देश में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव मनाया जा रहा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कृष्ण की नगरी मथुरा पहुंचे। जन्माष्टमी के मौके पर सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गो-पूजन किया और इसके बाद मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मथुरा में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया और सनातन धर्म, अयोध्या, काशी और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। सीएम योगी ने कहा कि सनातन की आस्था को मिटाने के लिए इतिहास में कई प्रयास और हमले हुए, लेकिन कोई भी इसे समाप्त नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि सनातन की आस्था को मिटाने का प्रयास करने वाले खुद मिट्टी में मिल गए। उन्होंने समाज और राष्ट्र विरोधी ताकतों को लेकर भी सख्त संदेश दिया।
‘आस्था मिटाने वाले खुद मिट्टी में मिल गए’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने सनातन की आस्था को मिटाने का दुस्साहस किया, वे खुद समाप्त हो गए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सज्जन शक्ति का हर हाल में संरक्षण किया जाएगा, जबकि देश और समाज की एकता-अखंडता को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 5 हजार वर्षों से सनातन की आस्था लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज विरोधी ताकतों की स्थिति कंस जैसी होना तय है।
सीएम योगी ने काशी का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में काशी विश्वनाथ धाम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और विरासत का अद्भुत समन्वय देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक काशी में भव्य काशी विश्वनाथ धाम की कल्पना करना भी मुश्किल था, लेकिन आज यह भव्य स्वरूप में सामने है। सीएम योगी ने इसे लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की आस्था और उनके द्वारा किए गए पुनर्निर्माण कार्यों की परंपरा को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया।
‘अयोध्या में दिख रहा त्रेता युग का स्वरूप’
सीएम योगी ने अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि आज अयोध्या जाने पर ऐसा लगता है जैसे प्रभु श्रीराम स्वयं वहां विराजमान हों। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक अयोध्या में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब थी, लेकिन अब शहर का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और प्रमुख धार्मिक आयोजनों के दौरान यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है।
‘जिन्हें मंदिर अच्छा नहीं लगता, वही अयोध्या को बदनाम कर रहे’
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या को देश-दुनिया से जोड़ने के लिए सड़क, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और देश-दुनिया से लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को अयोध्या में मंदिर का निर्माण अच्छा नहीं लग रहा है, वे शहर को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद लोगों की आस्था और उत्साह पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है।
‘बाबर और औरंगजेब में आस्था रखने वाले आपकी आस्था का सम्मान नहीं करेंगे’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन लोगों की आस्था बाबर और औरंगजेब जैसे आक्रांताओं में है, वे सनातन आस्था का सम्मान नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी ताकतें समाज में वैमनस्य फैलाने और लोगों को बांटने का प्रयास करती हैं। सीएम योगी ने कहा कि सरकार ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की खुशहाली और कारीगरों के हितों के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘पिछली सरकारें वोट बैंक के डर से मथुरा आने से बचती थीं’
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारें वोट बैंक की राजनीति के कारण मथुरा आने से डरती थीं। उन्होंने कहा कि पहले ब्रजभूमि की पहचान अव्यवस्था और विवादों से जोड़कर देखी जाती थी, लेकिन अब यहां जन्मोत्सव, रंगोत्सव, ब्रजरज उत्सव और वैष्णव कुंभ जैसे आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि आज नए उत्साह और विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है और यही विश्वास प्रदेश के विकास की प्रेरणा बन रहा है।
ब्रज क्षेत्र को 977 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज क्षेत्र को करीब 977 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दे रहे हैं। इनमें करीब 540 करोड़ रुपये की 57 परियोजनाओं का लोकार्पण और 437 करोड़ रुपये की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ब्रज क्षेत्र के धार्मिक महत्व के साथ-साथ यहां विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दे रही है।



