श्रीनगर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया विमान सभी यात्री सुरक्षित

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर श्रीनगर पहुंचा इंडिगो का विमान पार्किंग के दौरान एक वीडीजीएस खंभे से टकरा गया। हादसे के समय विमान में यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। राहत की बात यह है कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।
पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया विमान
हवाईअड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, नवी मुंबई से श्रीनगर जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 225 सुबह करीब 9 बजकर 2 मिनट पर हवाईअड्डे के छठे पार्किंग स्थान पर खड़ी की जा रही थी। इसी दौरान विमान वीडीजीएस खंभे से टकरा गया। घटना के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी को चोट नहीं आई है।
हादसे की वजह की जांच जारी
हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी वजह क्या थी, इसकी जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा तय प्रक्रिया के तहत की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह सामने आएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल हादसे के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य
हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य रूप से जारी है। अन्य विमानों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है और उड़ानों का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है।
गोवा में भी इंडिगो के विमान में आई थी खराबी
इससे पहले गोवा में भी इंडिगो के एक विमान में तकनीकी खराबी का मामला सामने आया था। गोवा से दिल्ली जा रहे विमान के उड़ान भरने के बाद उसके इंजन में खराबी आ गई थी। इसके बाद विमान में पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया और उसे वापस गोवा एयरपोर्ट लाया गया। विमान में 229 यात्री सवार थे। विमान के सुरक्षित वापस लौटने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।







