Main Slideराष्ट्रीय

रक्षाबंधन के बाद दिल्ली-NCR की जनता को महंगाई का झटका, CNG के दाम ₹3.89 बढ़े; जानें नई कीमत

नई दिल्ली: रक्षाबंधन का त्योहार खत्म होते ही दिल्ली-NCR के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें शनिवार सुबह 6 बजे से लागू होंगी। इसके बाद दिल्ली में CNG की कीमत 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो जाएगी। IGL के मुताबिक, पश्चिम एशिया में दोबारा बढ़े तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमतों में तेज उछाल आया है। कंपनी ने कहा कि CNG की लागत में बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई के लिए कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया था।

LNG की कीमतें संकट से पहले के मुकाबले करीब दोगुनी

IGL ने अपने बयान में बताया कि CNG की जरूरत पूरी करने के लिए बड़ी मात्रा में आयातित LNG का इस्तेमाल किया जाता है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण LNG की अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर दबाव बढ़ा है। कंपनी के अनुसार, जुलाई 2026 से पश्चिम एशिया में संकट बढ़ने के बाद होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते LNG की सप्लाई प्रभावित हुई। इसके चलते वैश्विक LNG कीमतें संकट से पहले के स्तर की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई हैं। बढ़ी हुई लागत का असर अब CNG की कीमतों पर पड़ा है।

दिल्ली के अलावा इन शहरों में भी बढ़ी CNG की कीमत

CNG की महंगाई का असर दिल्ली के साथ-साथ पूरे NCR में देखने को मिलेगा। अलग-अलग राज्यों में VAT की दर अलग होने के कारण शहरों में CNG की कीमतों में अंतर बना रहेगा।

  • दिल्ली: 86.98 रुपये प्रति किलो
  • नोएडा और गाजियाबाद: 95.59 रुपये प्रति किलो
  • मेरठ: 95.47 रुपये प्रति किलो
  • गुरुग्राम: 92.01 रुपये प्रति किलो

ऑटो-कैब से सफर करने वालों पर भी पड़ेगा असर

CNG के दाम बढ़ने का सीधा असर ऑटो, टैक्सी और CNG से चलने वाली निजी गाड़ियों के खर्च पर पड़ेगा। ईंधन महंगा होने से कैब ऑपरेटरों की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर आगे चलकर यात्रियों के किराये पर भी पड़ने की संभावना है। यानी दिल्ली-NCR में ऑटो और कैब से रोजाना सफर करने वाले लोगों की जेब पर भी इस बढ़ोतरी का असर पड़ सकता है।

इस साल पांचवीं बार बढ़े CNG के दाम

दिल्ली-NCR में CNG की कीमतों में इस साल यह पांचवीं बढ़ोतरी है। इससे पहले मई 2026 में IGL ने पश्चिम एशिया में तनाव का हवाला देते हुए महज 10 दिनों के भीतर चार चरणों में CNG के दाम कुल 6 रुपये प्रति किलो बढ़ाए थे।अब 3.89 रुपये प्रति किलो की नई बढ़ोतरी के बाद CNG से वाहन चलाने वाले लोगों का मासिक ईंधन खर्च एक बार फिर बढ़ने वाला है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close