आतंकी के घर पर लहराया तिरंगा, माता-पिता ने शान से मनाया स्वतंत्रता दिवस,श्रीनगर के लाल चौक में भी दिखा देशभक्ति का जज्बा

श्रीनगर। देशभर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया गया। जम्मू-कश्मीर से भी इस मौके पर कई ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींचा। शोपियां जिले के छोटीपोरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकी आबिद रमजान शेख के माता-पिता ने अपने घर पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
तिरंगा फहराते समय उनके चेहरे पर देश के प्रति गर्व और सम्मान की झलक दिखाई दी। आतंकवाद से प्रभावित रहे इलाके में आतंकी के परिवार की ओर से घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने की तस्वीर को लोग अलग नजरिए से देख रहे हैं। यह दृश्य जम्मू-कश्मीर में बदलते माहौल और आम लोगों के बीच राष्ट्रीय पर्व को लेकर बढ़ते उत्साह की तस्वीर भी पेश करता है।
कौन है आबिद रमजान शेख?
आबिद रमजान शेख को लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय आतंकवादी बताया जाता है। उसके खिलाफ आतंकवाद से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। उस पर वर्ष 2022 में शोपियां में सीआरपीएफ जवान मुख्तार अहमद की हत्या की साजिश और हमले में शामिल होने के आरोप भी लगे थे। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इस मामले में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की भूमिका सामने आई थी।
सीआरपीएफ जवान की हुई थी हत्या
वर्ष 2022 में आतंकवादियों ने शोपियां के चेक चोटीपोरा इलाके में सीआरपीएफ जवान मुख्तार अहमद की उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने मामले की जांच करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद की गई थी। मामले में एक ओवरग्राउंड वर्कर को भी गिरफ्तार किया गया था, जिस पर आतंकियों की मदद करने का आरोप था।
लाल चौक पर भी दिखा तिरंगे का उत्साह
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक से भी देशभक्ति की तस्वीरें सामने आईं। कभी आतंकवाद, हिंसा और पथराव के लिए सुर्खियों में रहने वाले इस इलाके में इस बार बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर स्वतंत्रता दिवस मनाते नजर आए। लाल चौक का पूरा इलाका तिरंगे के रंग में रंगा दिखाई दिया। स्थानीय लोगों और यहां पहुंचे लोगों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया। लाल चौक में तिरंगा लहराते लोगों की तस्वीरें जम्मू-कश्मीर में बदलते माहौल और राष्ट्रीय पर्व को लेकर बढ़ते उत्साह का संदेश देती नजर आईं।







